शारदीय नवरात्र शुरू, देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Spread the love

शाहगंज, सोनभद्र। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। रविवार को नवरात्र के पहले दिन भोर से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। देवी मंदिरों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ घंटा-घड़ियालों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।नवरात्र के पहले दिन देवी भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। मंदिरों में ‘या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः’ के मंत्रों के साथ माता की आराधना की गई। जगह-जगह जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।क्षेत्र के अहाल माता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने मां के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। वहीं महामाया (सुदेश्वरी), जमगांव, ढुटेर सहित विभिन्न गांवों में स्थित देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों ने नारियल, चुनरी और पुष्प अर्पित कर मां से मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना की।शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत-उपवास भी शुरू कर दिया। कई भक्त पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे। घरों में कलश स्थापना, दुर्गा सप्तशती पाठ और पूजा-अनुष्ठान का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

नवरात्र को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सुबह से मंदिरों में उमड़ती भीड़, भक्ति गीतों और घंटा-घड़ियालों की ध्वनि से चारों ओर धार्मिक वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालुओं में मान्यता है कि नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की सच्चे मन से आराधना करने से सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। देवी मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और जयकारों के बीच पूरे नौ दिनों तक शक्ति की उपासना का क्रम जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *