शारदीय नवरात्रि मेला के दृष्टिगत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने किया विंध्याचल स्टेशन का निरीक्षण

Spread the love

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए रेलवे ने की विशेष व्यवस्थाएं

 प्रयागराज ।  उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल द्वारा विंध्याचल में 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित शारदीय नवरात्रि मेला के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री हरि मोहन ने विंध्याचल स्टेशन का निरीक्षण कर मेला अवधि के दौरान यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए स्टेशन पर टिकट, पेयजल, शौचालय, खानपान, चिकित्सा एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रियों को सुगमता से टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर एवं एक पूछताछ केंद्र संचालित हैं। आरक्षित टिकट काउंटर दो शिफ्ट में कार्य कर रहा है। टिकट संबंधी कार्यों के लिए आठ अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता एवं टिकट जांच के लिए 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है।

स्टेशन पर पहले से संचालित पांच खानपान स्टॉल यात्रियों को खानपान की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया गया है तथा पर्याप्त संख्या में पेयजल प्वाइंट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त 15 पुरुष एवं 15 महिला शौचालयों तथा अस्थायी यात्री शेड की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में खोया-पाया केंद्र बनाया गया है। स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, बस स्टैंड एवं मंदिर के आसपास रेलवे की समय-सारिणी तथा आवश्यक सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता के लिए स्टेशन पर सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था उपलब्ध है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस भी उपलब्ध है।मेला अवधि में यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस के जवान तैनात हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *