सेवा संकल्प अभियान : चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

Spread the love

म्योरपुर। विकासखंड म्योरपुर के सभागार में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहीl छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, प्लास्टिक मुक्त समाज, स्वच्छ विद्यालय, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, बेटी सम्मान और पशु-पक्षियों की सेवा जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख मान सिंह गोड़ ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह ने बच्चों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। खंड विकास अधिकारी रामविशाल चौरसिया ने शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और मेहनत को सफलता का आधार बताते हुए बच्चों को नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कम्पोजिट विद्यालय खैराही की खुशी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरी की लवली, मून स्टार इंग्लिश स्कूल की नैन्सी, कम्पोजिट विद्यालय काचन के मुकेश और प्राथमिक विद्यालय पिपरी के नीलेश ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर कम्पोजिट विद्यालय काचन के विकास, उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़िया की मुस्कान और कम्पोजिट विद्यालय बभनडीहा की सोनम रहीं। तृतीय स्थान प्राथमिक विद्यालय रासपहरी के शंकर सिंह और मून स्टार इंग्लिश स्कूल के अर्पन ने हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार हिमांशु और शीला कुमारी को मिला। कार्यक्रम का संचालन रजनीश श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान सुनील प्रजापति, सुमित सिंह, मोहरलाल खरवार, रणजीत पनिका, विकास दूबे, शारदा प्रसाद, सौरभ सिंह, अजय कुमार गुप्ता, गुलशेर अंसारी, अफजल अंसारी सहित अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *