IIT मद्रास ने हासिल किए प्रथम और द्वितीय स्थान, राजलक्ष्मी इंजीनियरिंग कॉलेज रहा तीसरे स्थान पर
चेन्नई । देश की अग्रणी विद्युत कंपनी एनटीपीसी की प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉन क्विज प्रतियोगिता का दक्षिण क्षेत्रीय राउंड मंगलवार को चेन्नई स्थित MMA ऑडिटोरियम में उत्साह और बौद्धिक प्रतिस्पर्धा के माहौल में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में देश के प्रमुख इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों की टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में कुल 230 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में दो प्रतिभागी शामिल थे। प्रतिभागियों ने विविध विषयों पर अपने व्यापक ज्ञान, त्वरित सोच और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद छह टीमों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई।
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए एस. एन. पाणिग्रही, कार्यकारी निदेशक (HR) एवं क्षेत्रीय प्रमुख (HR), उत्तर एवं दक्षिण, ने देश के विकास और ऊर्जा क्षेत्र में एनटीपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की ज्ञान-आधारित पहलें युवाओं में सीखने की ललक, नवाचार, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बौद्धिक उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रसिद्ध क्विजमास्टर गौतम बोस ने प्रतियोगिता का संचालन किया। उनके रोचक अंदाज, चुनौतीपूर्ण सवालों और त्वरित संवाद ने प्रतिभागियों के साथ-साथ दर्शकों को भी पूरे आयोजन के दौरान बांधे रखा। ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां टीमों ने दबाव के बीच अपनी सूझबूझ, गहन ज्ञान और संयम का शानदार प्रदर्शन किया।
अंतिम मुकाबले में IIT मद्रास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। IIT मद्रास की ही दूसरी टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजलक्ष्मी इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीम को 60,000 रुपये, उपविजेता टीम को 40,000 रुपये तथा दूसरे उपविजेता को 20,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाली टीमों को 8,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। दक्षिण क्षेत्रीय राउंड में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाली टीमें अब 7 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले सेमीफाइनल में हिस्सा लेंगी। एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज के माध्यम से युवाओं को ज्ञान, नवाचार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ देश की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
