सेल-राउरकेला इस्पात संयंत्र का स्पेशल प्लेट प्लांट स्वदेशी आर्मर और नेवल ग्रेड स्टील के साथ भारत के रक्षा क्षेत्र को बना रहा है सशक्त

Spread the love

राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र का स्पेशल प्लेट प्लांट (एसपीपी) एक प्रमुख इकाई है, जो रणनीतिक रक्षा, नौसेना और अनुसंधान अनुप्रयोगों के लिए आर्मर-ग्रेड (कवच श्रेणी) और क्वेंच्ड व टेम्पर्ड  स्टील प्लेटों के उत्पादन के लिए समर्पित है। गत वित्तीय वर्ष के दौरान विभाग ने अपने विशेषीकृत उत्पादों के माध्यम से 300 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, एसपीपी ने ऑर्डनेंस फैक्ट्री मेदक (आयुध निर्माणी मेदक) के लिए 4 मिमी 2 पीआईई (PIE) आर्मर ग्रेड प्लेटों को सफलतापूर्वक विकसित  एवं प्रेषण किया, जो भारत के रक्षा क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने की उसकी तकनीकी क्षमता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वर्ष 1969 में स्थापित इस स्पेशल प्लेट प्लांट  की भारत की रक्षा बलों और नौसेना  प्रतिष्ठानों को उच्च गुणवत्ता वाली इस्पात प्लेटों की आपूर्ति करने की गौरवशाली विरासत रही है। नए क्वेंचिंग एंड टेम्परिंग (Q&T) फर्नेस तथा अतिरिक्त हीट ट्रीटमेंट लाइन के चालू होने से प्लांट  की उत्पादन क्षमता 250 टन प्रति माह से बढ़कर 1,250 टन प्रति माह हो गई है।

एसपीपी रक्षा एवं अनुसंधान संगठनों की आवश्यकताओं को पूरा करते हुए राष्ट्र के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले कुछ वर्षों से इसने आईएनएस विक्रांत, आईएनएस कमोर्टा तथा आईएनएस तारागिरी सहित कई प्रतिष्ठित स्वदेशी रक्षा परियोजनाओं के लिए स्टील की आपूर्ति की है।

प्लांट ने बख्तरबंद वाहनों के निर्माण के लिए हैवी व्हीकल्स फैक्ट्री और ऑर्डनेंस फैक्ट्री मेदक को भारी मात्रा में स्पेड ग्रेड और जैकाल ग्रेड प्लेटों की आपूर्ति की है। इसके अतिरिक्त, बारूदी सुरंग रोधी सुरक्षित वाहनों (एंटी-माइन प्रोटेक्टेड वाहनों) के लिए व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर को जैकाल ग्रेड प्लेटें प्रदान की गई हैं। अन्य उल्लेखनीय उपलब्धियों में मिसाइल कार्यक्रम हेतु मिश्रा धातु निगम लिमिटेड को आपूर्ति की गई अग्नि मिसाइल कार्यक्रम के लिए रोलिंग प्लेट्स तथा रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला {डिफेंस मेटलर्जिकल रिसर्च लेबोरेटरी (डीएमआरएल)} के मार्गदर्शन में डीएमआर-249ए, डीएमआर-249बी और डीएमआर-301 जैसे नौसेना-ग्रेड स्टील्स का उत्पादन और प्रेषण शामिल है। ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों और भारतीय नौसेना के लिए हीट-ट्रीटेड आर्मर-ग्रेड स्टील प्लेटों के उत्पादन में अग्रणी होने के नाते, स्पेशल प्लेट प्लांट रक्षा विनिर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान देना जारी रखे हुए है। अपनी उन्नत क्षमताओं, तकनीकी उत्कृष्टता और गुणवत्ता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के माध्यम से,  एसपीपी  भारत की रक्षा तैयारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण भागीदार बना हुआ है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *