वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ

Spread the love

*विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन*

नागपुर, । वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के मुख्यालय और सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में आज ‘राजभाषा पखवाड़ा-2026’ का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे और निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) बिक्रम घोष ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को राजभाषा पखवाड़े की शुभकामनाएं दीं और दैनिक कार्य-काज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने का संदेश दिया। वेकोलि में ‘राजभाषा पखवाड़ा-2026’ दिनांक 14.09.2026 से 29.09.2026 तक मनाया जाएगा। पखवाड़े के आरंभ के पहले दिन मुख्यालय के स्वागत कक्ष में सभी कार्मिकों को ‘राजभाषा बैच’ लगाया गया और उन्हें पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके बाद, पखवाड़े की पहली प्रतियोगिता के रूप में मुख्यालय के कल्याण सभागृह में ‘चित्र पर आधारित कहानी प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में वेकोलि कर्मियों ने अपनी अद्भुत रचनात्मकता और लेखन शैली का प्रदर्शन करते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यालय के साथ-साथ वेकोलि के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में भी विभिन्न उत्साहवर्धक प्रतियोगिताओं के साथ इस पखवाड़े की शुरुआत हो चुकी है। प्रतियोगिता सयोजक के रूप में श्रीमती अनुपमा टेंभुर्णीकर मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन),  मिलिंद चहांदे, वरिष्ठ प्रबंधक (जनसंपर्क), सुश्री परिधि वर्मा, सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) एवं  दीपक सिंह चौहान, अनुवादक (राजभाषा) उपस्थित थे। विभागाध्यक्ष (राजभाषा)  राजेश कुमार सिन्हा ने सभी कार्मिकों से इन प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने और राजभाषा पखवाड़े को सफल बनाने की अपील की है।

राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों के संबंध  में उदयवीर सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) ने बताया कि आगामी गतिविधियों के क्रम में, 16 सितंबर को वेकोलि मुख्यालय के कल्याण सभागृह में ‘सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात, 18 सितंबर को इसी स्थान पर ‘तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्मिकों को अपनी वाक्-कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आगे 29 सितंबर तक विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *