स्पेशल कैंपेन 6.0 के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु ईसीएल ने वॉकथॉन का आयोजन किया

Spread the love

आसनसोल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) द्वारा मंगलवार को स्पेशल कैंपेन 6.0 के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कंपनी के पांडवेश्वर क्षेत्र द्वारा आयोजित इस पहल में स्वच्छता, सामूहिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रीय अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति में सक्रिय सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया।

वॉकथॉन का नेतृत्व  अमिताभ भट्टाचार्य, क्षेत्र महाप्रबंधक, पांडवेश्वर क्षेत्र ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को स्वच्छता, साफ-सफाई एवं उत्तरदायी अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के संदेश को सुदृढ़ किया गया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए  अमिताभ भट्टाचार्य ने स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा अभियान से संबंधित गतिविधियों में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर बल दिया। वॉकथॉन ने कर्मचारियों को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की नियमित आदत के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस पहल के माध्यम से स्पेशल कैंपेन 6.0 के उद्देश्यों के प्रति पांडवेश्वर क्षेत्र की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया गया।

ईसीएल द्वारा पश्चिम बंगाल एवं झारखंड में फैले अपने परिचालन क्षेत्रों के माध्यम से विशेष स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत जागरूकता, जन-सक्रियता एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है। इन पहलों का उद्देश्य कर्मचारियों को प्रेरित करना, स्वच्छता एवं कार्यकुशलता की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा कार्यस्थलों में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी वातावरण सुनिश्चित करना है।अपने विभिन्न परिचालन प्रतिष्ठानों में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को सुदृढ़ करने तथा स्वच्छ भारत के व्यापक राष्ट्रीय दृष्टिकोण को साकार करने में निरंतर योगदान दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *