राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) ने सेक्टर-22 स्थित इस्पात अस्पताल का नवीनीकरण एवं उन्नयन कर इसे विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं उन्नत नैदानिक सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया है। इससे फर्टिलाइज़र नगरी तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ अधिक सुलभ एवं किफायती हो गई हैं।
अस्पताल में अब मधुमेह, थायरॉइड संबंधी रोग, उच्च रक्तचाप तथा अन्य सामान्य बीमारियों के लिए परामर्श सेवाएँ उपलब्ध हैं। मरीज यहां सभी प्रकार की रक्त जाँच सहित व्यापक पैथोलॉजी सेवाओं का लाभ भी उठा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अस्पताल में एक्स-रे, ईसीजी, ऑडियोमेट्री (श्रवण परिक्षण), ऑप्टोमेट्री (नेत्र परीक्षण) तथा पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) जैसी आधुनिक नैदानिक सुविधाएँ भी शुरू की गई हैं। रोगी चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा परिवहन हेतु 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध है। साथ ही, ड्रेसिंग एवं घाव उपचार सेवाएँ भी चौबीसों घंटे प्रदान की जा रही हैं।
अस्पताल में व्यापक नवीनीकरण एवं आधारभूत संरचना विकास कार्य भी किए गए हैं। इनमें पीछे की ओर एक ख़ास प्रवेश मार्ग का निर्माण, पंजीकरण एवं प्रतीक्षालय की व्यवस्था, प्रयोगशाला कक्ष की स्थापना, पुराने सेनेटरी फिटिंग्स की मरम्मत एवं प्रतिस्थापन, नई सीपीवीसी जलापूर्ति पाइपलाइन का बिछाया जाना, दरवाजों एवं क्षतिग्रस्त चौखटों की मरम्मत एवं प्रतिस्थापन, एल्युमिनियम-ग्लास खिड़कियों की स्थापना, शौचालयों के लिए पीवीसी दरवाजों का प्रावधान, आंतरिक एवं बाह्य रंगाई-पुताई तथा विभिन्न सिविल एवं विद्युत सुधार कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से अस्पताल की कार्यक्षमता, परिष्कृत सौंदर्य एवं रोगी सुविधा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सेक्टर-22 स्थित इस्पात अस्पताल में चिकित्सा एवं नैदानिक सुविधाओं के विस्तार से दक्षिण राउरकेला के निवासियों को विशेष लाभ मिला है। अब उन्हें सामान्य स्वास्थ्य परामर्श, विभिन्न जाँचों तथा सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुँच और अधिक सुदृढ़ होगी ।
