रिलायंस फाउंडेशन ने बाढ़ प्रभावित ऊपरी असम में राहत अभियान तेज किया

Spread the love

सिवसागर और चराइदेव के 10 हजार परिवारों तक पहुंचेगी सहायता, वंतारा की टीम पशुधन बचाव में जुटी

गुवाहाटी,। ऊपरी असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने व्यापक राहत एवं पुनर्वास अभियान शुरू किया है। इस अभियान में रिलायंस फाउंडेशन के साथ वंतारा, रिलायंस रिटेल और जियो की टीमें भी राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। रिलायंस फाउंडेशन ने जिला प्रशासन और संबंधित सरकारी विभागों के समन्वय से बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित सिवसागर और चराइदेव जिलों के लगभग 10 हजार परिवारों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

लगातार भारी वर्षा और अचानक आई बाढ़ के कारण इन क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लाखों लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं तथा घरों, सड़कों, आजीविका, पशुधन और आवश्यक सेवाओं को व्यापक नुकसान पहुंचा है। रिलायंस फाउंडेशन की आपदा प्रबंधन टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वेक्षण करने के बाद राहत कार्य शुरू किए गए हैं। अभियान के तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की बहाली, खाद्य एवं पोषण सहायता, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना, आपातकालीन आश्रय सामग्री वितरित करना तथा पशुधन संरक्षण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

राहत अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई एवं पुनर्स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं जल्द सामान्य हो सकें। प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। भोजन एवं पोषण सहायता के लिए सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं, जहां प्रभावित लोगों को ताजा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही सूखा राशन किट भी वितरित की जा रही हैं, ताकि परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री मिल सके। बेघर हुए परिवारों के लिए तिरपाल, ग्राउंडशीट, मच्छरदानी, रस्सियां और बिस्तर सहित आपातकालीन आश्रय किट उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *