प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक आधारित सुशासन और नवाचार से देश को दी विकास की नई दिशा :ए.के.शर्मा

Spread the love

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नई दिल्ली में आयोजित ‘लीडरशिप एज ए मिशन’ राष्ट्रीय कार्यशाला में किया प्रतिभाग

मंत्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व एवं प्रशासनिक अनुभवों को साझा कर बताए प्रभावी सुशासन के मंत्र

विकसित भारत के निर्माण के लिए तकनीक, नवाचार और मिशन मोड नेतृत्व को बढ़ावा देना आवश्यक  ए.के. शर्मा

नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘लीडरशिप एज ए मिशन’ (Leadership as a Mission) विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं नेतृत्व से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभवों को साझा करते हुए सुशासन, तकनीकी नवाचार और प्रभावी नेतृत्व को विकसित भारत के निर्माण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा चुकी है और उनके नेतृत्व में आने वाले 25 वर्षों में भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक आधारित नवाचार को प्राथमिकता देकर सुशासन का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है, जो आज देश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है।

मंत्री शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एक साथ संवाद करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तकनीक का उपयोग किया गया, जो उस समय प्रशासनिक व्यवस्था में एक अभिनव पहल थी। इस पहल ने शासन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद, बेहतर समन्वय तथा निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन की नई शुरुआत की।उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर गुजरात में ‘स्वागत’ (SWAGAT) नामक तकनीक आधारित जनशिकायत निवारण प्रणाली विकसित की गई। इस व्यवस्था के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का सीधे उच्च स्तर पर संज्ञान लेकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया गया। यह प्रणाली आज भी गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय में संचालित है तथा इसे लोक सेवा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच का उदाहरण है कि उन्होंने तकनीक को केवल प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि जनसेवा और सुशासन का सशक्त माध्यम बनाया।

मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने इसी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए ‘प्रगति’ (PRAGATI) जैसी महत्वपूर्ण तकनीक आधारित समीक्षा प्रणाली की शुरुआत कराई। इसके माध्यम से देश की बड़ी विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण योजनाओं तथा लंबित कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाती है। इस व्यवस्था ने परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तकनीक आधारित प्रशासन ने विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों को बेहतर बनाया है।

मंत्री शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। इसके लिए ऐसे नेतृत्व को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, जो आधुनिक तकनीक को अपनाने, नए प्रयोग करने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सोच रखता हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उनके मार्गदर्शन में देश डिजिटल तकनीक, नवाचार और सुशासन के माध्यम से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

कार्यशाला में मंत्री श्री शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों, नीति-निर्धारकों एवं प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रभावी नेतृत्व का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जनसेवा के प्रति समर्पण, संवेदनशील प्रशासन, समयबद्ध निर्णय और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मिशन मोड नेतृत्व की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉक्टर पी के मिश्रा, नीति आयोग के पूर्व सीईओ श्री बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम, नीति आयोग की विशिष्ट फेलो सुश्री देबजानी घोष, आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर विशाल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नीति-निर्धारक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *