आरएलआई एनटीपीसी विंध्याचल में “प्रबंधकीय क्षमता संवर्धन” कार्यक्रम का शुभारंभ

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली । आरएलआई विंध्याचल में दो सप्ताह के ‘प्रबंधकीय क्षमता संवर्धन’ (ईएमसी) कार्यक्रम के प्रथम बैच का शुभारंभ हुआ। इसमें एनटीपीसी के उत्तरी क्षेत्र की विंध्याचल, सिंगरौली, रिहंद, टांडा, ऊंचाहार एवं मेजा परियोजनाओं के कार्यपालक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन उज्ज्वल कांति भट्टाचार्य, पूर्व निदेशक (परियोजनाएँ), एनटीपीसी लिमिटेड ने किया। इस अवसर पर किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल), एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा), निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम), टी.एन. सीतारामन, महाप्रबंधक (रसायन), सी.बी. ओझा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम), एच.पी. देवांगन, महाप्रबंधक (वीएसआर ओवरहॉलिंग) तथा अनिरुद्ध सिंह, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) उपस्थित रहे।

अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए किशोर कुमार होता,कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल)  ने ई6 से ई7 स्तर पर पदोन्नत होने वाले कार्यपालकों को व्यापक प्रबंधकीय दायित्वों एवं नेतृत्व भूमिकाओं के लिए तैयार करने में कार्यक्रम की महत्ता रेखांकित की। उन्होंने एनटीपीसी के वैश्विक विस्तार, विशेषकर बांग्लादेश में कंपनी की पहली अंतरराष्ट्रीय विद्युत परियोजना को साकार करने में श्री भट्टाचार्य के महत्वपूर्ण योगदान का भी उल्लेख किया।

अपने प्रेरक मुख्य संबोधन में उज्ज्वल कांति भट्टाचार्य, पूर्व निदेशक (परियोजनाएँ), एनटीपीसी लिमिटेड ने बदलते ऊर्जा परिदृश्य, ऊर्जा संक्रमण, हितधारकों की अपेक्षाओं तथा विकसित भारत की परिकल्पना पर विचार साझा किए। अस्थिरता, अनिश्चितता, जटिलता एवं अस्पष्टता से भरे वर्तमान परिवेश में अनुकूलनशीलता, निरंतर सीखने और मूल्य आधारित नेतृत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा, “ईएमसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवर्तन की दिशा में एक सार्थक हस्तक्षेप है।” उन्होंने यह भी कहा कि “असामान्य ही अब नया सामान्य है।” रणनीतिक सोच, प्रबंधकीय उत्कृष्टता एवं भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम नेतृत्व विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम एनटीपीसी की भावी नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने के प्रति आरएलआई विंध्याचल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *