प्रयागराज । 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज द्वारा दिनांक 06 अक्टूबर को बाल वाटिका में स्कूली बच्चों के लिए पोषण जागरूकता एवं ग्रोथ मॉनिटरिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती गुलशन वारिस एवं सदस्या श्रीमती मानसी जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रीमती गुलशन वारिस ने बच्चों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा पौष्टिक आहार को बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ (Sr. Dietician) श्रीमती अर्पणा सक्सेना द्वारा बच्चों के लिए पोषण के लिए सरलता से समझाया गया । उन्होंने बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, स्वस्थ खाद्य पदार्थों के चयन, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा जंक फूड के सेवन को सीमित करने के संबंध में सरल एवं सहज तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों की अच्छी सेहत और स्वस्थ विकास के लिए नियमित एवं संतुलित पोषण अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग भी की गई तथा उनके शारीरिक विकास से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
कार्यक्रम के आयोजन में परिवार नियोजन विभाग की टीम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार अपनाने, पर्याप्त पानी पीने, जंक फूड से बचने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस प्रकार राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
