रेल गांव कॉलोनी को पहली बार ISO 14001:2015 प्रमाणन, प्रयागराज रेलवे स्टेशन का हुआ पुनः प्रमाणन*
प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली तथा EnHM विंग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों से प्रयागराज मंडल को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। मंडल की रेलगांव कॉलोनी, सूबेदारगंज को पहली बार तथा प्रयागराज रेलवे स्टेशन को पुनः ISO 14001:2015 पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
रेलगांव कॉलोनी, सूबेदारगंज को स्वच्छ, स्वास्थ्यकर एवं पर्यावरण अनुकूल आवासीय वातावरण बनाए रखने के लिए पहली बार ISO 14001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह प्रमाणन कॉलोनी परिसर में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण, बेहतर सुविधाओं तथा प्रभावी पर्यावरण प्रबंधन व्यवस्था को दर्शाता है। प्रमाणपत्र के अनुसार इसका दायरा कॉलोनी परिसर में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण के साथ यात्री सुविधाएं एवं संबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने से संबंधित है।
इसी क्रम में प्रयागराज रेलवे स्टेशन को ISO 14001:2015 का पुनः प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि स्टेशन पर स्वच्छता, पर्यावरण प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित निर्धारित मानकों को निरंतर बनाए रखने के प्रयासों को दर्शाती है। पुनः प्रमाणन यह भी प्रमाणित करता है कि स्टेशन पर पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली को नियमित रूप से प्रभावी ढंग से लागू एवं बनाए रखा जा रहा है। दोनों प्रमाणन Quality Research Organization (QRO) द्वारा स्वतंत्र मूल्यांकन के उपरांत प्रदान किए गए हैं। इन प्रमाणपत्रों की वैधता तीन वर्ष तक है।
प्रयागराज मंडल द्वारा रेलवे परिसरों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विकास, ऊर्जा संरक्षण तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर निरंतर विशेष जोर दिया जा रहा है। ISO 14001:2015 प्रमाणन इन प्रयासों को एक व्यवस्थित एवं प्रभावी पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली से जोड़ता है। मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज के मार्गदर्शन में EnHM विंग द्वारा किए जा रहे ये प्रयास स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी रेलवे व्यवस्था के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
