–सड़क पर उड़ते गुबार से सामने का वाहन तक नहीं दिखता, हादसे का बढ़ा खतरा; तत्काल सफाई की मांग
सोनभद्र। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर राखड़ की धूल ने राहगीरों और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर जगह-जगह राखड़ जमा होने से वाहनों के गुजरते ही धूल का घना गुबार उठ रहा है। हालत यह है कि कुछ क्षण के लिए सामने का दृश्य तक साफ दिखाई नहीं देता। इससे सांस लेने में परेशानी के साथ सड़क हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के कार्यकर्ताओं के मुताबिक बीजपुर एनटीपीसी से राखड़ लदे भारी वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क पर राखड़ गिरती रहती है। समय पर सफाई नहीं होने से सूखी राखड़ वाहनों के पहियों से उड़कर वातावरण में फैल रही है। पर्यावरण कार्यकर्ता अशोक सिंह ने बताया कि महीन राखड़ आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस संबंधी परेशानी का कारण बन सकती है।
शनिवार को रनटोला के जमतीहवा नाला के पास राखड़ के गुबार के कारण रेणुकूट से म्योरपुर जा रहे बाइक सवार को सामने से आ रहा ट्रक दिखाई नहीं दिया। अचानक ट्रक सामने आने पर वह घबरा गया, हालांकि संयोग से हादसा टल गया। आश्रम मोड़ से रनटोला तक कई स्थानों पर राखड़ फैली हुई है। कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल सफाई कराने और राखड़ लदे वाहनों से सड़क पर राखड़ गिरने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
