3,583 पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट
3,823 पेंशनरों ने शिविरों में लिया लाभ, 26 स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी हुआ आयोजन
प्रयागराज। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate-DLC) पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की एक सरल एवं डिजिटल सुविधा है, जिसके माध्यम से पेंशनर को व्यक्तिगत रूप से कार्यालय या बैंक जाकर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की आवश्यकता नहीं होती। आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जाता है, ई-पास से जुड़ी समस्याओं के प्रति निवारण किए जाते है। इन सुविधाओं से पेंशन भुगतान की प्रक्रिया सुगम बनी रहती है।
उत्तर मध्य रेलवे द्वारा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के अंतर्गत व्यापक स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत नवंबर 2026 तक उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों एवं इकाइयों में कुल 186 शिविर आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें से 01 से 16 नवंबर 2026 तक कुल 125 शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 3,823 पेंशनरों ने सहभागिता की तथा 3,583 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट किए गए।
*तीनों मंडलों एवं विभिन्न इकाइयों में आयोजित किए जा रहे विशेष शिविर :* -अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज, मिर्जापुर स्टेशन, फतेहपुर स्टेशन, कानपुर स्टेशन एवं झांसी कार्यशाला, कोच मिड-लाइफ रिहैबिलिटेशन, डीआरएम कार्यालय, झांसी, भारत माता मंदिर एवं घर-घर अभियान के साथ-साथ आरएसके एसटीएलआई, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा, इदगाह स्टेशन, धौलपुर स्टेशन एवं मुख्यालय (उमरे) में भी शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया में सहूलियत मिल सके।
*स्वास्थ्य जांच एवं बैंकिंग सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान :* -पेंशनरों को एक ही छत के नीचे अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान के दौरान 26 स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिविरों में बैंक नोडल अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिससे पेंशनरों को बैंकिंग एवं पेंशन संबंधी आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध हो सके।
वरिष्ठ एवं अशक्त पेंशनरों की सुविधा को प्राथमिकता : -उत्तर मध्य रेलवे द्वारा अभियान के दौरान वरिष्ठ एवं अशक्त पेंशनरों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। घर-घर जाकर सहायता प्रदान करने वाले शिविरों के माध्यम से भी पेंशनरों तक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे पेंशनरों के सम्मान, सुविधा एवं कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है तथा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के माध्यम से उन्हें सुगम एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
