ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने साइकिल से अदालत पहुंचे न्यायिक अधिकारी

Spread the love

लखनऊ। ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद लखनऊ के न्यायिक अधिकारियों ने साइकिल से न्यायालय पहुंचकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।  जनपद न्यायाधीश लखनऊ मलखान सिंह के नेतृत्व में सभी न्यायिक अधिकारी प्रातः डालीबाग स्थित सेशंस हाउस से साइकिल द्वारा न्यायालय के लिए रवाना हुए।

जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को न्यायिक अधिकारी साइकिल से न्यायालय आएंगे तथा जो अधिकारी साइकिल नहीं चला सकते, वे बैटरी रिक्शा का उपयोग करेंगे। इस पहल का उद्देश्य न केवल ईंधन की बचत करना है, बल्कि आमजन को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करना भी है। यह अभियान  मुख्य न्यायमूर्ति इलाहाबाद उच्च न्यायालय अरूण भंसाली के मार्गदर्शन एवं शुभाशीष से प्रारम्भ किया गया है। अभियान का शुभारम्भ 22 मई 2026 को  प्रशासनिक न्यायमूर्ति लखनऊ राजेश सिंह चौहान द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया था। जनपद न्यायाधीश  मलखान सिंह के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों ने संकल्प लिया है कि प्रत्येक शनिवार को सभी न्यायिक अधिकारी साइकिल से न्यायालय पहुंचेंगे। इसी क्रम में अभियान के दूसरे चरण में शनिवार को एक बार फिर न्यायिक अधिकारियों ने साइकिल यात्रा कर ईंधन संरक्षण, ऊर्जा बचत और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *