वैश्विक टॉप-20 में स्थान पाने वाली एकमात्र भारतीय प्रौद्योगिकी नवोन्मेषक कंपनी
मुंबई, : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की प्रौद्योगिकी क्षेत्र की सहायक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (JPL) ने हाल ही में विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) द्वारा जारी पेटेंट को-ऑपरेशन ट्रीटी (PCT) रैंकिंग में वैश्विक स्तर पर शीर्ष 20 में स्थान हासिल किया है। यह रिपोर्ट प्रकाशित आंकड़ों के आधार पर शीर्ष पीसीटी आवेदकों की रैंकिंग प्रस्तुत करती है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने वर्ष 2025 की सूची में 320 स्थानों की छलांग लगाते हुए दुनिया के सबसे तेजी से उभरते नवोन्मेषकों में अपनी जगह बनाई है। इसके साथ ही कंपनी ने हुवावे, सैमसंग, क्वालकॉम, एलजी, पैनासोनिक, नोकिया, गूगल, एप्पल और माइक्रोसॉफ्ट जैसे वैश्विक तकनीकी दिग्गजों के विशिष्ट समूह में स्थान प्राप्त किया है।
जियो का पेटेंट पोर्टफोलियो अगली पीढ़ी की डिजिटल प्रौद्योगिकियों पर केंद्रित है, जिसमें 5G, 5G एडवांस्ड, 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), AI-नेटिव नेटवर्क, क्लाउड-नेटिव प्लेटफॉर्म, इंटेलिजेंट ऑटोमेशन, रेडियो एक्सेस, कोर नेटवर्क सॉफ्टवेयर, एज इंटेलिजेंस, फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस, नेटवर्क स्लाइसिंग और डिजिटल सेवा अवसंरचना शामिल हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आकाश एम. अंबानी ने इस उपलब्धि पर कहा: “WIPO PCT रैंकिंग में जियो प्लेटफॉर्म्स का वैश्विक टॉप-20 में प्रवेश, एक डीप-टेक कंपनी में हमारे परिवर्तन की वर्षों की मेहनत का परिणाम है। विभिन्न अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में जियो के नवाचारों की गति इस उपलब्धि से स्पष्ट होती है और आने वाले वर्षों में यह और तेज होगी। मैं इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को समर्पित करना चाहता हूं, जो भारत को दुनिया के लिए प्रौद्योगिकी का निर्माता, स्वामी और निर्यातक बनाने की परिकल्पना करता है। भारत को वैश्विक डीप-टेक पावरहाउस बनाने में योगदान देना हमारे लिए गर्व की बात है।” सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि जियो ने 320 स्थानों की छलांग लगाकर 20वां स्थान ऐसे समय में हासिल किया है, जब वैश्विक स्तर पर पीसीटी फाइलिंग में 1 प्रतिशत से भी कम वृद्धि दर्ज की गई है।
