माँ और शिशु के स्वस्थ भविष्य की दिशा में सराहनीय प्रयास
नागपुर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य की देखभाल के उद्देश्य से दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को WCL सांस्कृतिक भवन में ‘गर्भावस्था एवं शिशु देखभाल’ हेतु झंकार महिला मंडल द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रीना पांडे ने की।
WCL मुख्यालय डिस्पेंसरी, झंकार महिला मंडल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), फुटाला के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में झंकार महिला मंडल के उपाध्यक्षा डॉ. सोनाली म्हेत्रे की विशेष उपस्थिति रही। WCL मुख्यालय डिस्पेंसरी की प्रभारी डॉ. छाया केदारे के विशेष सहयोग एवं समन्वय से कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत 21 गर्भवती महिलाओं को तीन माह के लिए आवश्यक अनाज एवं पोषण सामग्री, आवश्यक औषधियाँ तथा प्रोटीन पाउडर वितरित किए गए। साथ ही, झंकार महिला मंडल की ओर से सभी गर्भवती महिलाओं को साड़ी, मेकअप किट एवं चूड़ियाँ भेंट की गईं। इन उपहारों के माध्यम से महिलाओं के प्रति स्नेह, सम्मान एवं अपनत्व की भावना व्यक्त की गई।
इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने तथा गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य एवं देखभाल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। नवरात्रि के उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम का समापन गरबा नृत्य के साथ हुआ। झंकार महिला मंडल की यह पहल स्वस्थ मातृत्व, शिशु के समुचित विकास एवं महिला कल्याण के प्रति उसकी संवेदनशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
