15 दिसंबर तक पूरा होगा झारोकला राजकीय इंटर कॉलेज का भवन

Spread the love

 धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, मजदूर-मिस्त्री बढ़ाकर काम तेज करने के निर्देश; गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी को जिम्मेदारी

दुद्धी,सोनभद्र। निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला के भवन की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान कार्य की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी मिलने पर उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को तत्काल श्रमिक और मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने 15 दिसंबर तक हर हाल में भवन निर्माण पूरा कराने की समयसीमा तय की।
जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी जांच कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं होगा। लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसके बाद डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय झारोकला पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और शिक्षा, शिक्षण व्यवस्था व पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में एसडीएम अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड एसके सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *