हाजीपुर । पूर्व मध्य रेल कोे चालू वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम तिमाही अर्थात अप्रैल से जून, 2026 तक यात्री यातायात, माल ढुलाई सहित अन्य सभी स्रोतों से प्राप्त होने वाले आय में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ लगभग 8000 करोड़ रूपए की प्रारंभिक आय प्राप्त हुई है।
चालू वित्त वर्ष के प्रथम तिमाही में 06 करोड़ 65 लाख यात्रियों ने पूर्व मध्य रेल के क्षेत्राधिकार से यात्रा प्रारंभ किया । चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में यात्री यातायात से 1438 करोड़ रूपए की आय प्राप्त हुई जो पिछले वर्ष के प्रथम तिमाही की तुलना में 14.44 प्रतिशत ज्यादा है। इनमें नन पीआरएस से प्राप्त आय में प्रथम तिमाही के दौरान 20.37 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए रुपए 514 करोड़ की आय हुई जबकि पीआरएस से प्राप्त आय में 11.39 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 924 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई है।
इसी क्रम में पार्किंग से प्राप्त आय के मामले में पिछले वर्ष के प्रथम तिमाही की तुलना में 86.41 प्रतिशत की वृद्धि के साथ चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में 12.62 करोड़ रुपए की आए हुई । नन फेयर रेवेन्यू से प्राप्त आय में भी 26.28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और यह पिछले वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में नन फेयर रेवेन्यू से प्राप्त आय 5.09 करोड़ रूपये की तुलना में 6.55 करोड़ रूपये रही । कैटरिंग से प्राप्त आय में भी प्रथम तिमाही के दौरान 5.08 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 8.68 करोड़ की आय हुई है ।
इसी तरह टिकट चेकिंग के मामले में भी पिछले वर्ष के प्रथम तिमाही की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया गया । पिछले वर्ष के प्रथम तिमाही के दौरान कुल 9.87 केस की तुलना में 6.35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में 10.50 केस दर्ज किए गए जिससे कुल 73 करोड़ रुपए वसूल किए गए जो पिछले वर्ष के प्रथम तिमाही की तुलना में 15.11 प्रतिशत अधिक है ।
