हाजीपुर । पूर्व मध्य रेल प्रशासन रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने मंगलवार को मुख्यालय, हाजीपुर में दो रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों से मुलाकात कर उनकी विभागीय समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली। इस दौरान रेलकर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें महाप्रबंधक के समक्ष रखीं। महाप्रबंधक ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की स्थिति एवं उनके समाधान के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नियमानुसार उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलकर्मियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निपटारा किया जाए। पूर्व मध्य रेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों को अपनी समस्याएं सीधे महाप्रबंधक के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना है, ताकि उनकी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। यह पहल रेलकर्मियों के कल्याण तथा उनके प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है।
