सोनभद्र। भारत मौसम विज्ञान विभाग, क्षेत्रीय मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जनपद सोनभद्र में 23 अगस्त 2026 से आगामी दिनों में वर्षा एवं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। विशेष रूप से 23 अगस्त शाम से सोनभद्र एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा तथा 24 से 27 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
जारी पूर्वानुमान के दृष्टिगत जिलाधिकारी/ अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान नदी, नालों एवं जलाशयों के समीप जाने से बचें तथा उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें। निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें तथा कच्चे अथवा जर्जर भवनों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। गड्ढों, पोखरों एवं तालाबों में स्नान करने से बचें तथा खतरे के निशान के आसपास बह रही नदियों से दूर रहें।
यात्रा के दौरान मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं तथा आवश्यकता न होने पर भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन तंत्र को तत्काल सूचना दें। जनपद वासियों से अपील है कि मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
भारी वर्षा की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी
