एनटीपीसी दादरी में मीडिया संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन

Spread the love

गौतमबुद्ध नगर। एनटीपीसी दादरी में 7 फरवरी 2026 को मीडिया संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख ए. के. मिश्र ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि सकारात्मक और तथ्यपरक संवाद से विकास को गति मिलती है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी दादरी विद्युत उत्पादन, पर्यावरणीय मानकों के पालन, सुरक्षा संस्कृति के सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की प्राप्ति में एनटीपीसी की अग्रणी भूमिका और ऊर्जा परिवर्तन के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप स्वच्छ व सतत ऊर्जा की दिशा में परियोजना की प्रगति पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में एनटीपीसी दादरी प्रबंधन ने वर्ष 2025-26 की प्रमुख उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कोयला, गैस तथा सौर ऊर्जा इकाइयों के संचालन, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन, और विभिन्न सीएसआर पहलों की जानकारी साझा की। परियोजना द्वारा स्थापित हालिया उत्पादन रिकॉर्ड तथा सुरक्षा, पर्यावरण, बायोमास, सीएसआर, राजभाषा एवं जनसंपर्क के क्षेत्रों में प्राप्त पुरस्कारों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (ओएंडएम) संजय कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सरोज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में पत्रकारों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका परियोजना प्रमुख एवं वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। एनटीपीसी दादरी ने पारदर्शिता, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *