धनबाद। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल मुख्यालय एवं इसके सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कल्याण भवन (एचआरडी) में बीसीसीएल द्वारा कोयला भवन मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी टंकण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यालय के विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी के प्रति अपनी अभिरुचि, भाषायी दक्षता और टंकण-कौशल का परिचय देते हुए तकनीक के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाकवि स्व. सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और उनकी जीवनी का वाचन करने के साथ हुई। उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने महाकवि निराला के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके पश्चात उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुधाकर प्रसाद ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और ऐसे बहुभाषी एवं बहुसांस्कृतिक परिवेश में हिंदी एक प्रभावी संपर्क भाषा के रूप में लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत अब तक विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया है। इनमें हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली प्रतियोगिता, गृहणियों के लिए हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी मसौदा, पत्र एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा स्कूली बच्चों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता प्रमुख हैं। आगामी दिनों में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सुवाक्य लेखन प्रतियोगिता तथा हिंदी स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रबंधक (खनन) सुमित कुमार, वरीय अधिकारी (मानव संसाधन/राजभाषा) सुश्री सुमेधा भारती तथा राजभाषा विभाग के अनिरुद्ध नोनिया, महेंद्र सिंह, मनोज रवानी, कैलाश कुमार दास सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
