नराकास धनबाद को राजभाषा के उत्कृष्ट क्रियान्वयन हेतु सम्मान

Spread the love

वर्ष 2024-25 के लिए बीसीसीएल की अध्यक्षता में संचालित नराकास, धनबाद को मिला यह सम्मान

धनबाद। भारत सरकार, गृह मंत्रालय के अंतर्गत राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (पूर्वी क्षेत्र), कोलकाता के तत्वावधान में आज मुजफ्फरपुर, बिहार में आयोजित एक-दिवसीय राजभाषा संगोष्ठी-सह-कार्यशाला में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की अध्यक्षता में संचालित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, धनबाद को वर्ष 2024-2025 के दौरान राजभाषा के उत्कृष्ट क्रियान्वयन हेतु सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (पूर्वी क्षेत्र) के उप-निदेशक (कार्यान्वयन) डॉ. विचित्रसेन गुप्त एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के कर-कमलों से समिति की ओर से यह सम्मान नराकास धनबाद के सदस्य-सचिव उदयवीर सिंह (प्रबंधक, राजभाषा – बीसीसीएल) ने प्राप्त किया। उनके साथ बीसीसीएल के राजभाषा विभाग के अनुवादक अनिरुद्ध नोनिया भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। इस संगोष्ठी-सह-कार्यशाला में पूर्वी क्षेत्र की सभी नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों (नराकास) के सदस्य-सचिवों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि इस संगोष्ठी में पूर्वी क्षेत्र के अंतर्गत पांच राज्यों में विस्तारित 64 नराकास ने भाग लिया, जिनमें 15 नराकास को पुरस्कृत किया गया।

समापन सत्र में गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया तथा हिंदी को राष्ट्र की एकता, प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक समरसता की भाषा के रूप में सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। यह आयोजन गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के सतत् प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना और हिंदी को राष्ट्रव्यापी संवाद की प्रमुख भाषा के रूप में स्थापित करना है। नराकास धनबाद के पदेन अध्यक्ष (सीएमडी, बीसीसीएल), मनोज कुमार अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और नराकास, धनबाद के सभी सदस्यों को अपनी बधाई दी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *