हिंदी देश की विविध संस्कृतियों और लोगों को जोड़ने वाली सशक्त भाषा है – रबीन्द्र पटेल

Spread the love

एपीसीपीएल पावर प्लांट में हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी का उत्साहपूर्वक आयोजन 

झज्जर। झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट एपीसीपीएल में हिंदी दिवस मनाया गया तथा हिंदी पखवाड़ा-2026 के शुभारंभ समारोह का आयोजन प्रशासनिक भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में किया गया। कार्यक्रम में हिंदी के महत्व तथा सभी आधिकारिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एपीसीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  रबीन्द्र पटेल, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में  मोहम्मद निजामुद्दीन, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण);  संजय जैन, महाप्रबंधक (रखरखाव एवं ऐडीएम);  अतुल अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन); तथा  उमेश कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए राजभाषा प्रतिज्ञा ग्रहण की।  समारोह को संबोधित करते हुए रबीन्द्र पटेल ने कहा कि हिंदी देश की विविध संस्कृतियों और लोगों को जोड़ने वाली सशक्त भाषा है। संविधान ने हिंदी को संघ की राजभाषा का दर्जा दिया है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। 

उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आधिकारिक कार्यों में हिंदी भाषा को उचित स्थान दिया जाना आवश्यक है।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से फ़ाइलें, पत्राचार, ई-मेल, बैठकों, प्रस्तुतियों, रिपोर्ट तथा दैनिक कार्यों में जहाँ संभव हो, हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आग्रह किया ।  कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि पॉवर प्लांट में 14 से 28 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने सहकर्मियों को भी प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया। इसके अतिरिक्त, पावर प्लांट में गणेश चतुर्थी का पर्व भी भव्य एवं श्रद्धापूर्ण ढंग से मनाया गया। गणेश पूजन में वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *