एपीसीपीएल की सीएसआर पहल से झज्जर में स्वास्थ्य सेवाओं और हरित ऊर्जा को मिला बढ़ावा

Spread the love

झज्जर । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एपीसीपीएल की सीएसआर पहल के अंतर्गत सिविल अस्पताल, झज्जर में 100 किलोवाट ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम श्रीमती वर्षा खांगवाल, आईएएस, उपायुक्त, झज्जर की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर  रबीन्द्र पटेल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एपीसीपीएल;  संजय जैन, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन);  उमेश कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन); तथा डॉ. मंजू कादयान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

एपीसीपीएल की सीएसआर पहल के अंतर्गत अस्पताल में पोर्टेबल डिजिटल रेडियोग्राफी प्रणाली, एयर कंडीशनर, सिरिंज पंप, बर्न केज, बाइफेसिक डिफिब्रिलेटर, ओटी सीलिंग लाइट, कैंसर बाह्य रोगी विभाग के लिए पोर्टा केबिन तथा लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस अवसर पर उपायुक्त, झज्जर ने कहा कि यह पहल इस बात का उदाहरण है कि आवश्यक जनसेवाओं के उन्नयन और बेहतर सुविधाओं के लिए सरकार एवं उद्योग जगत के बीच सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वहीं रबीन्द्र पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र कंपनी की सीएसआर प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और भविष्य में भी रखेगा। उन्होंने कहा कि एपीसीपीएल जिले में अपनी सीएसआर पहलों के माध्यम से सामाजिक उत्थान और समग्र विकास में निरंतर योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। सिविल अस्पताल में स्थापित 100 किलोवाट ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम एपीसीपीएल की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *