झज्जर। एपीसीपीएल अस्पताल की ओर से ‘आह्वान’ नीति के तहत मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम के सहयोग से लिवर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लिवर से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर का उद्घाटन एपीसीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रबीन्द्र पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पटेल ने मेडिकल विभाग द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की समीक्षा कर उनकी सराहना की।
शिविर में 100 से अधिक लाभार्थियों की लिवर संबंधी स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही मेडिकल विभाग के स्वास्थ्यकर्मियों को हेपेटाइटिस-बी का टीका भी लगाया गया। यह पहल स्वास्थ्यकर्मियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।इस अवसर पर पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और चिकित्सा सेवाओं में निरंतर सुधार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और दिशा-निर्देश दिए।
