धनबाद ।भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) मुख्यालय, कोयला भवन के लेवल-3 सभागार में जीएम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी – परियोजना एवं योजना), राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, डीआईजी सीआईएसएफ जे.के.तिवारी, सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष, सीएमडी सचिवालय के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान कंपनी के समग्र कार्य निष्पादन, कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता एवं परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधकों से क्रमवार उत्पादन लक्ष्य, उपलब्धि, डिस्पैच एवं जमीनी स्तर पर आ रही बाधाओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने परिवहन (ट्रांसपोर्ट) से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि डिस्पैच प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाया जाए, ताकि उत्पादित कोयले का समयबद्ध उठाव सुनिश्चित हो सके। सीएमडी ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से समझें और उसके अनुरूप कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि जवाबदेही तय करते हुए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उत्पादन एवं स्टॉक की समीक्षा करते हुए मनोज कुमार अग्रवाल ने निर्देश दिया कि कोयला उत्पादन में किसी भी परिस्थिति में कमी न आने पाए तथा स्टॉक के प्रभावी प्रबंधन के साथ डिस्पैच को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी क्षेत्रों को उत्पादन एवं डिस्पैच में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सभी अधिकारी समन्वित प्रयास, अनुशासन एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त करें तथा समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करें। बीसीसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं जिम्मेदार खनन कार्यों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
