विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीसीसीएल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत

Spread the love

जुबली हॉल कोयला नगर में स्कूली बच्चों के लिए क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

धनबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आज बीसीसीएल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता हेतु विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इसी क्रम में आज जुबली हॉल, कोयला नगर में स्कूली बच्चों के लिए क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न स्कूलों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन दो सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र में क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से अपनी जानकारी और जागरूकता का प्रदर्शन किया। द्वितीय सत्र में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को तीन समूहों में विभाजित किया गया। ग्रुप ‘ए’ में कक्षा 2 तक के बच्चों ने पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति दी। ग्रुप ‘बी’ में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों ने ‘आवर अर्थ, आवर फ़्यूचर’ (हमारी धरती, हमारा भविष्य) विषय पर आकर्षक चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, ग्रुप ‘सी’ में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों ने ‘थ्री आर’ (रिड्यूस, रीसायकल एवं रीयूज़) विषय पर अपनी पर्यावरणीय समझ एवं सृजनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों एवं उत्तरों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण तथा सतत जीवनशैली के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल द्वारा प्रतिवर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए इस प्रकार के रचनात्मक एवं जन-संवेदनशील कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों में बीसीसीएल के कार्मिकों के साथ उनके पारिवारिक सदस्य, स्कूली बच्चे एवं आमजन भी सक्रिय रूप से सहभागिता करते हैं। इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन से संबंधित विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियाँ निर्धारित की गई हैं। जिसके तहत आगामी दिनों में निबंध लेखन, ग्रीन कुकिंग कांटेस्ट और फैंसी इको-ड्रेस जैसे प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएँगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा आगामी 05 जून 2026 को आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस के मुख्य समारोह में की जाएगी, जहाँ विजेताओं को औपचारिक रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यावरण विभाग के पदाधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *