कलेक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच तकनीकी टीम कर रही चेकिंग, 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी
चन्दौली। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पारदर्शी, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में 12 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर एफएलसी की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो और सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे अनवरत रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत एफएलसी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी। मशीनों की तकनीकी जांच इंजीनियरों की एक विशेष टीम द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल कराया जाएगा। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों को पूर्व में ही सूचित कर दिया गया है।
डीएम ने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, अग्निशमन यंत्रों की क्रियाशीलता और बैरिकेडिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग की गाइडलाइन्स के अनुसार ही चेकिंग में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाएगा। बिना वैध प्रवेश पास के किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
