जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से केंद्र पर पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझने की अपील की
चंदौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनसामान्य को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मीडिया प्रतिनिधियों सहित कुल 110 आम नागरिकों ने केंद्र पर पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शैलेष कुमार ने समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, युवा एवं नवमतदाताओं सहित आम नागरिकों से डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर पर पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझने की अपील की।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर तैनात प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स एवं अटेंडेंट द्वारा ईवीएम की विभिन्न इकाइयों की पहचान, उनके आपसी संयोजन, सिंबल लोडिंग तथा मतगणना के दौरान परिणाम देखने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। साथ ही, नागरिकों को मशीनों के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम मतदाताओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र पर प्रत्यक्ष जानकारी एवं व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से ईवीएम की कार्यप्रणाली एवं मतदान प्रक्रिया से संबंधित शंकाओं का समाधान किया जा सकता है।
