लगभग 50 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, अनुमानित कीमत ₹70,113
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को “ऑपरेशन सतर्क” के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी मानिकपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 225 बोतल शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹70,113 बताई गई है।
संयुक्त टीम में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मानिकपुर के सहायक उपनिरीक्षक विमलेश कुमार एवं कांस्टेबल संतोष कुमार यादव तथा जीआरपी मानिकपुर के उपनिरीक्षक हरिमोहन राजपूत, हेड कांस्टेबल संजय कुमार और हेड कांस्टेबल धीरेंद्र शामिल थे। टीम ने मानिकपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर दिव्यांग शौचालय के पीछे स्थित पार्क के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 13 अक्टूबर 2026 को रात्रि 01:54 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन कुमार उर्फ टीटू, मनीष कुमार एवं अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। तीनों बिहार के पटना जिले के निवासी हैं। तलाशी के दौरान करन कुमार के कब्जे से रॉयल स्टैग की 9 और ब्लैक बेंचर की 6 बोतलें, प्रत्येक 750 मिलीलीटर, बरामद हुईं। वहीं, मनीष कुमार के पास से आफ्टर डार्क ब्लू ब्रांड की 105 बोतलें तथा अभिषेक कुमार के पास से आफ्टर डार्क ब्लू की 72 और सिग्नेचर ब्रांड की 33 बोतलें बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन एवं नकदी भी बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ट्रेनों के माध्यम से शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने और अवैध रूप से धन अर्जित करने की बात बताई। इस संबंध में तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना जीआरपी मानिकपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी के समन्वय से रेलवे स्टेशनों और रेल परिसरों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
