धनबाद। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल मुख्यालय एवं इसके सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यालय के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अपनी अभिरुचि, ज्ञान और भाषायी दक्षता का परिचय दिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विविध समसामयिक विषयों एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न हिंदी में पूछे गए। प्रतिभागियों ने दो-दो के समूह में इन प्रश्नों के उत्तर दिए तथा पूरे उत्साह एवं सहभागिता के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने समसामयिक ज्ञान एवं निर्णय क्षमता को परखने के साथ हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रकवि स्वर्गीय रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ की गई। उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने राष्ट्रकवि दिनकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। तत्पश्चात उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर एक संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (विपणन एवं विक्रय) हितेश वर्मा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं भाषायी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा यह विचारों और भावनाओं की सहज एवं प्रभावी अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक एवं सहज प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि कार्यालयीन एवं दैनिक कार्य-व्यवहार में हिंदी के प्रयोग को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत अब तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इनमें हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली प्रतियोगिता, गृहणियों के लिए हिंदी निबंध लेखन, हिंदी मसौदा एवं पत्र लेखन, स्कूली बच्चों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता तथा कार्मिकों के लिए हिंदी टंकण प्रतियोगिता प्रमुख हैं। आगामी दिनों में सुवाक्य लेखन तथा हिंदी स्वरचित कविता पाठ जैसी गतिविधियों का आयोजन मुख्यालय स्तर पर किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में भी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर वरीय अधिकारी (मानव संसाधन/राजभाषा) सुश्री सुमेधा भारती तथा राजभाषा विभाग के श्री अनिरुद्ध नोनिया, श्रीमती वंदना देवी, श्रीमती एम. विश्नेश्वरी, श्रीमती पुष्पा केसरी, श्री महेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
