भरत मिलाप की भावपूर्ण लीला के साथ रामलीला संपन्न, पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
अहरौरा, मिर्जापुर। नगर पालिका क्षेत्र के चौक बाजार में चल रही रामलीला में भरत मिलाप की भावपूर्ण लीला के साथ आयोजन संपन्न हुआ। चौदह वर्ष का वनवास पूरा कर प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने और राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के मिलन का दृश्य मंचित हुआ तो श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। चारों भाइयों के गले मिलते ही जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा।
लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने का समाचार मिलते ही भरत और शत्रुघ्न उनकी अगवानी के लिए निकल पड़े। प्रभु श्रीराम को सामने देखकर भरत भावविभोर होकर उनके चरणों में गिर पड़े। श्रीराम ने उन्हें उठाकर हृदय से लगा लिया। उधर लक्ष्मण और शत्रुघ्न का मिलन हुआ तो दर्शक भी भावुक हो उठे। भरत ने श्रीराम की चरण पादुकाएं उनके चरणों में समर्पित करते हुए कहा, “भैया, आपकी धरोहर को चौदह वर्षों तक संभालकर रखा, अब अयोध्या और उसका सिंहासन अपने स्वामी की प्रतीक्षा कर रहा है।” इस पर श्रीराम ने भरत को गले लगाते हुए कहा, “भरत, तुम्हारे त्याग और प्रेम ने रघुकुल की मर्यादा को और ऊंचा किया है। ऐसा भाई पाकर मैं धन्य हूं।”
इसके बाद चारों भाई एक-दूसरे के गले मिले। मंच पर भ्रातृ प्रेम का यह दृश्य इतना मार्मिक रहा कि दर्शक कुछ देर तक भावविभोर होकर इसे निहारते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान के स्वरूपों पर पुष्पवर्षा की। जय श्रीराम और सियावर रामचंद्र की जय के उद्घोष से वातावरण राममय हो गया।व्यास शिरीष चंद बृजेश अश्वनी रोशन विपिन विकास सक्षम अभिषेक धीरज कन्हैया अनय अनमोल रौनक सहित रामलीला समिति के पदाधिकारियों, कलाकारों व कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सहयोग किया। भरत मिलाप समापन पर समिति की ओर से कलाकारों एवं सहयोग करने वाले नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
