PET परीक्षा-2026 के लिए प्रयागराज मंडल में व्यापक रेल परिचालन तैयारियाँ की गयी 

Spread the love

 परीक्षार्थियों की सुविधा के मद्देनजर विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन, आवश्यकतानुसार ट्रेनों के विस्तार एवं अतिरिक्त रेक की व्यवस्था

प्रयागराज। आगामी 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली PET परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए व्यापक रेल परिचालन योजना तैयार की गई है। इस योजना का उद्देश्य परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने तथा परीक्षा के उपरांत अपने गंतव्य की ओर लौटने में सुविधा प्रदान करना और नियमित रेल परिचालन के साथ अतिरिक्त यात्री भार का समुचित प्रबंधन करना है।

परीक्षा तीन तिथियों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। विभिन्न शहरों एवं रेलवे स्टेशनों के बीच परीक्षार्थियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों, मौजूदा ट्रेनों के विस्तार, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ठहराव तथा उपलब्ध रेक के प्रभावी उपयोग की व्यवस्था की गई है।

विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा दो महत्वपूर्ण एकतरफा अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है।

1. गाड़ी संख्या 01821 — प्रयागराज जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (VGLJ)

यह 12 कोच वाली अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 24 अक्टूबर, 29 अक्टूबर एवं 31 अक्टूबर 2026 को प्रयागराज जंक्शन से रात्रि 19:45 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन प्रातः 05:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन उन परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जिन्हें परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने गंतव्य तक पहुंचना है।

2. गाड़ी संख्या 01823 — कानपुर सेंट्रल से मथुरा जंक्शन

यह 12 कोच वाली अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन 24 अक्टूबर, 29 अक्टूबर एवं 31 अक्टूबर 2026 को कानपुर सेंट्रल से रात्रि 20:00 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन प्रातः 03:10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन से कानपुर, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला एवं अन्य संबंधित स्टेशनों से यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों को सुविधा मिलेगी।

*अन्य रेल मंडलों के समन्वय से अतिरिक्त विशेष ट्रेनें 

परीक्षार्थियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडलों के साथ-साथ अन्य संबंधित रेल मंडलों के समन्वय से भी विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मथुरा, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तथा अन्य संबंधित गंतव्यों के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। 

नियमित ट्रेनों के विस्तार एवं समय में आवश्यक बदलाव की व्यवस्था

परीक्षा अवधि में यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर कुछ नियमित ट्रेनों के गंतव्य का विस्तार करने तथा उनके समय में बदलाव करने की व्यवस्था भी की गई है।

इस क्रम में कानपुर सेंट्रल–लखनऊ, कानपुर सेंट्रल–रायबरेली एवं कानपुर सेंट्रल–खजुराहो खंड की तीन ट्रेनों के समय में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कानपुर सेंट्रल–फतेहपुर, इटावा–कानपुर सेंट्रल, कानपुर सेंट्रल–टूंडला तथा अन्य संबंधित खंडों की कुल नौ ट्रेनों के विस्तार का प्रावधान रखा गया है। इन व्यवस्थाओं को आवश्यकता के अनुसार लागू किया जाएगा, ताकि अतिरिक्त यात्रियों को उपलब्ध रेल सेवाओं के माध्यम से उनके गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *