सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में सोन पंप कैनाल के माध्यम से निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सोन पंप कैनाल में विद्युत आपूर्ति एवं वोल्टेज से संबंधित समस्याओं के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वोल्टेज संबंधी सभी तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पंपों का संचालन सुचारु रूप से हो सके और आमजन को समय पर पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।निर्देश दिए कि जनपद में पेयजल आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी तकनीकी समस्या की सूचना मिलते ही उसका तत्काल समाधान कराया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों का संचालन निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से कराया जाए, जिससे सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था दोनों प्रभावित न हों। उन्होंने विद्युत एवं सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग एवं सिंचाई विभाग के समस्त अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पेयजल आपूर्ति में विद्युत समस्या का तत्काल करें समाधान – जिलाधिकारी
