राष्ट्रीय एकता दिवस एवं ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अवसर पर एनटीपीसी टांडा में विविध कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

टांडा : राष्ट्रीय एकता दिवस एवं ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 2026 के अवसर पर एनटीपीसी टांडा में मिशन LiFE के अंतर्गत स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में वरिष्ठ प्रबंधन, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं गरिमा महिला मंडल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ आरोग्यम अस्पताल में सतर्कता शपथ के साथ हुआ। इसके पश्चात परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी टांडा राजीव कुमार सिन्हा ने वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आरोग्यम अस्पताल से न्यू सप्तरंग क्लब तक आयोजित इस वॉकाथॉन में वरिष्ठ प्रबंधन, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा गरिमा महिला मंडल के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस पहल के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, स्वस्थ जीवनशैली एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अगले चरण में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सामूहिक पौधरोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात न्यू सप्तरंग क्लब में जुंबा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सत्र का उद्देश्य नियमित व्यायाम एवं शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अवसर पर  राजीव कुमार सिन्हा, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी टांडा ने कहा, “राष्ट्रीय एकता की भावना हमें सामूहिक प्रयासों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना हम सभी की व्यक्तिगत एवं सामूहिक जिम्मेदारी है। मिशन LiFE जैसी पहलें हमें अपने दैनिक जीवन में छोटे लेकिन सार्थक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करती हैं।”

इन आयोजनों के माध्यम से एनटीपीसी टांडा ने राष्ट्रीय एकता दिवस की भावना के साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह एवं मिशन LiFE के उद्देश्यों के अनुरूप आयोजित ये गतिविधियां व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर स्वस्थ आदतों, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *