‘दृष्टि’ की बैठक में विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा, मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश

Spread the love

 सम्पर्क मार्ग एवं विद्युतीकरण कार्यों की तकनीकी टीम करेगी जांच, मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच के निर्देश

सोनभद्र। जनपद में संचालित विकास योजनाओं को धरातल पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को लेकर शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। राज्य मंत्री, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग संजीव कुमार गोड़ जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की सार्थकता तभी है, जब वे समय से पूरे हों और उनकी गुणवत्ता लंबे समय तक जनता के उपयोग के अनुरूप बनी रहे। निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देश केवल कार्यवाही तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निर्देशों के अनुपालन एवं कार्यों की प्रगति की अगली बैठक में पुनः समीक्षा की जाएगी।
   मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। जनपद में आवास योजना के लिए पात्र परिवारों का नियमानुसार एवं पारदर्शी ढंग से चयन सुनिश्चित करते हुए उन्हें योजना से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्रता की जांच पूरी गंभीरता से की जाए, जिससे कोई भी पात्र परिवार आवास की सुविधा से वंचित न रहने पाए। जनपद में कराए जा रहे सम्पर्क मार्गों एवं विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं नियमित निरीक्षण करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य कराए जाएं। बैठक में राज्य मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि विकास एवं निर्माण कार्य प्रारम्भ होने से पूर्व उनका शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण संबंधित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए। बैठक में औषधि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित प्रावधानों के नारकोटिक्स एवं नियंत्रित श्रेणी की औषधियों की बिक्री किसी भी दशा में न होने पाए। उन्होंने निर्देशित किया कि मेडिकल स्टोरों के निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों एवं निर्धारित मानकों की भी जांच की जाए। नियमों के उल्लंघन अथवा अनधिकृत बिक्री का मामला सामने आने पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राज्य मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर जनहित से जुड़े विषयों तक संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ आमजन तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विधायक राबर्ट्सगंज, विधायक घोरावल के प्रतिनिधिगण, प्रमुखगण, खण्ड विकास अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, परियोजना निदेशक, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला विकास अधिकारी, समिति में नामित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधान गण सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *