बोकारो। स्टील प्लांट (बीएसएल) की टीम ने अपनी त्वरित निर्णय क्षमता, व्यावसायिक समझ, रणनीतिक दृष्टिकोण एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कलकत्ता (आईआईएम – कलकत्ता) द्वारा आयोजित ‘लैटिस 2026’ के अंतर्गत ‘बिजाथॉन क्विज’ में प्रथम उपविजेता का खिताब हासिल किया है। 12 सितंबर 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों तथा बिजनेस स्कूलों से 50 से अधिक टीमों ने भाग लिया।
बोकारो स्टील प्लांट का प्रतिनिधित्व सहायक महाप्रबंधक (गैस यूटिलिटीज) एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा एवं सहायक महाप्रबंधक (पीपीसी एवं एससी) आनंद राज ने किया। प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में देशभर से शामिल टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। चुनौतीपूर्ण प्रीलिम्स राउंड के बाद विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों एवं बिजनेस स्कूलों की केवल 8 सर्वश्रेष्ठ टीमों ने ग्रैंड फिनाले में प्रवेश किया, जिसमें बीएसएल की टीम ने भी अपनी जगह बनाई।
ग्रैंड फिनाले में बीएसएल टीम ने आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए अपनी त्वरित सोच एवं रणनीतिक दृष्टिकोण का व्यापक प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में एचसीएल की टीम ने विजेता तथा आईआईएम कलकत्ता की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस उल्लेखनीय सफलता पर बीएसएल प्रबंधन ने एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा एवं आनंद राज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुब्कामनाएँ दी।
