सीएसआर के तहत आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित विकास भवन में शनिवार को बिड़ला कार्बन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप और शैक्षिक सामग्री देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। बिड़ला कार्बन ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की पहल की। इसके लिए जिला स्तर पर प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 20 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप के लिए चयनित किया गया। कंपनी की ओर से चयनित विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कलर किट, ज्योमेट्री बॉक्स, पांच नोटबुक, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल सहित अन्य उपयोगी शैक्षिक सामग्री प्रदान की गई। वहीं, अभिभावकों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से उन्हें स्टील के कंटेनर भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन बिड़ला कार्बन के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में किया गया। इसमें कंपनी की प्रतिनिधि निवेदिता मुखर्जी और डॉ. अशोक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, अभिभावक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
