संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने की दी गयी सीख
अधिकार के साथ ही कर्तव्यों के प्रति सचेत होना होगा ,संविधान पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई
चौबेपुर/ संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर आशा लाइब्रेरी भंदहा कला कैथी में “हम भारत लोग ” विषयक परिचर्चा का आयोजन किया गया, इस अवसर पर लाइब्रेरी की छात्राओं ने भारतीय संविधान की विशेताओं पर प्रकाश डाला । परिचर्चा में अतिथि के रूप में आये वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए उसके संविधान का अत्यधिक महत्व होता है । व्यवस्थित संविधान देश की मजबूती और विकास का द्योतक है । बच्चों को संविधान में प्रदत्त अपने अधिकारों को जानना चाहिए जिससे वे बड़े होकर जनहित में आमजन को जागरूक कर सकें । वक्ताओं ने कहा कि अपने अधिकारों के साथ साथ कर्तव्यों के प्रति भी सचेत रहना ही एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है । इस अवसर पर कठपुतली कलाकार मिथिलेश दुबे द्वारा संविधान पर प्रकाशित विभिन्न पुस्तकों को प्रदर्शनी भी लगाई गई। आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने सभी आगंतुको का आभार व्यक्त किया ।
