प्रमुख सचिव ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, सातोमहुआ, तरसड़ा एवं वृद्धाश्रम रामनगर का किया निरीक्षण

Spread the love

वाराणसी। प्रमुख सचिव, समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश शासन अनुराग यादव ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, सातोमहुआ तरसड़ा एवं वृद्धाश्रम रामनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने जय प्रकाश नारायाण सर्वोदय विद्यालय, सातोमहुआ की स्थापना, अध्यापकों की संख्या एवं छात्र संख्या के सम्बन्ध में जानकारी ली। प्रधानाचार्य फिरतू राम द्वारा बताया गया कि यह संस्था सातोमहुआ में वर्ष 2005 से संचालित है, इससे पूर्व यह संस्था 1964 से 2004 तक सारनाथ वाराणसी में संचालित था। संस्था में कुल 14 अध्यापक कार्यरत है तथा कुल 300 छात्रों के सापेक्ष 183 छात्र उपस्थित पाये गये। प्रमुख सचिव ने विद्यालय के पठन-पाठन, छात्रावास, कम्प्यूटर लैब टैब लैब, लाइब्रेरी, भोजनालय एवं संस्था की साफ-सफाई का जायजा लिया। 

      तत्पश्चात् उन्होंने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय तरसड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय संस्था में 296 छात्र के सापेक्ष 222 छात्र पाये गये, कुल 17 अध्यापकों द्वारा छात्रो को शिक्षण ग्रहण कराया जाता है। यह विद्यालय वर्ष 2010 से संचालित है। छात्र श्रेयांश गौतम कक्षा 7 द्वारा प्रमुख सचिव का फोटो तत्काल बनाकर प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर प्रमुख सचिव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रों को प्रोत्साहित किया तथा कहा कि छात्रों की सुविधा हेतु कला के क्षेत्र में जो भी आवश्यक सामग्री होगी उसे शासन द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा। प्रमुख सचिव द्वारा निरीक्षण के दौरान रामनगर मे नवनिर्मित वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया गया।

    निरीक्षण के समय जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि भिक्षावृत्ति से मुक्त कराये जाने हेतु भिक्षावृत्ति मुक्त काशी अभियान-2023 से निरन्तर चलाया जा रहा है। जिसका उद्देश्य भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों को पुनर्वासित कर मुख्य धारा जोड़ना है। स्माइल योजना के अन्तर्गत जनपद वाराणसी में अपना घर आश्रम को कार्यदायी संस्था के रूप में चयन किया गया है। वृद्धजनों के चयन में जनपद वाराणसी के वृद्धजनों को प्रथम वरीयता, वाराणसी मण्डल के वृद्धजनों को द्वितीय वरीयता एवं उत्तर प्रदेश के निवासी वृद्धजनों को तृतीय वरीयता प्रदान किया जायेगा। इनके न मिलने की स्थिति में ही वाह्य प्रदेश के वृद्धजनों का प्रवेश लिया जा सकता है। वरीयता क्रम में वृद्धजनों के चयन सम्बन्धी जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरान्त ही जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा वृद्धजनों को वृद्धाश्रम रामनगर में रखा जाता है। संस्था का संचालन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा चयनित तारा संस्थान द्वारा पी०पी०पी० मॉडल के आधार पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। वर्तमान समय में 56 वृद्धजन संस्था में निवासरत है। प्रमुख सचिव द्वारा वृद्धाश्रम की व्यवस्था रहन-सहन एवं भोजन व्यवस्था आदि पर प्रसन्नता व्यक्त की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *