सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 400-घोरावल के मध्य प्रदेश सीमा से सटे सुदूरवर्ती बूथों का निरीक्षण कर अभियान की जमीनी प्रगति का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने लंबी दूरी तय कर मध्य प्रदेश सीमा के निकट स्थित बूथ कोरट के मतदेय स्थल संख्या-250 एवं 251 तथा बूथ रिजुल के मतदेय स्थल संख्या-249 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता पंजीकरण एवं पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं पात्र महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटि रहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 21 नवंबर को जनपद के सभी 1,659 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इसी क्रम में 22 नवंबर को भी जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं से पंजीकरण हेतु फॉर्म-6 प्राप्त करेंगे। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन तथा आवश्यकतानुसार अन्य कार्यवाही के लिए भी आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि सुदूरवर्ती एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में भी अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दूरी अथवा किसी अन्य कारण से कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।प्रशासन का संकल्प है कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान की पहुंच सुनिश्चित हो तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटने न पाए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान : जिला निर्वाचन अधिकारी ने जमीनी प्रगति का जायजा लिया
