हिंदी दिवस के अवसर पर बीसीसीएल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ
धनबाद। हिंदी दिवस के अवसर पर कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल में आज 14 से 28 सितंबर, 2026 तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) राजेश कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण/विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, मानव संसाधन विभाग के अधिकारी/नोडल राजभाषा अधिकारी तथा राजभाषा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज के स्वागत संबोधन, कोल इंडिया गीत तथा अतिथियों के औपचारिक स्वागत के साथ की गई। सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ, जिसके उपरांत सर्वप्रथम सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने उपस्थित सभी कार्मिकों को राजभाषा शपथ दिलाई तथा अपने दैनंदिन गतिविधियों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए सभी को प्रेरित किया। तत्पश्चात, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) राजेश कुमार ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईंराम के हिंदी दिवस संदेश का वाचन किया। संदेशों के माध्यम से राजभाषा हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार, कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी प्रयोग तथा हिंदी के निरंतर विकास एवं उन्नयन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने अपने हिंदी दिवस संदेश एवं संबोधन में कहा कि राजभाषा के प्रति जागरूकता केवल एक पखवाड़े तक सीमित न रहकर हमारे दैनिक कार्य-संस्कृति का हिस्सा बने, यही राजभाषा पखवाड़ा के आयोजन का व्यापक उद्देश्य है। हिंदी का उन्नयन एवं उसका उचित प्रचार-प्रसार हम सभी का नैतिक दायित्व है और इसके लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता दें तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में आयोजित की जा रही विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में अधिकाधिक भागीदारी के लिए सभी कार्मिकों को प्रोत्साहित किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन हिंदी के प्रति रुचि, रचनात्मकता एवं कार्यस्थल पर भाषायी दक्षता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विदित हो कि राजभाषा पखवाड़ा-2026 के दौरान बीसीसीएल मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली, हिंदी मसौदा, पत्र एवं निबंध लेखन, गृहिणियों के लिए निबंध लेखन, स्कूली बच्चों के लिए हिंदी ज्ञान, हिंदी टंकण, हिंदी प्रश्नोत्तरी, सुवाक्य लेखन तथा हिंदी स्वरचित कविता पाठ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को समापन-सह-पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। इन आयोजनों का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हिंदी के विकास एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का समापन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) संभ्रांत पांडे द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच संचालन प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क) प्रणव कुमार ओझा ने किया।
