विजयपुरा ।एनटीपीसी कुडगी ने भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस भव्य समारोह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं एनटीपीसी कुडगी के परियोजना प्रमुख संतोष तिवारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए संतोष तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा और राष्ट्र निर्माण में इसके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने वर्ष के दौरान एनटीपीसी कुडगी स्टेशन द्वारा किए गए सफल प्रयासों एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
एकता और सामूहिक राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में परियोजना प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। किलकारी प्ले स्कूल, बाल भवन एवं BBPS स्कूल के विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण CISF का तिरंगा शो रहा, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज की भव्यता एवं गरिमा को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर श्री संतोष तिवारी ने कर्मचारियों को उनके समर्पण, परिश्रम एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विभिन्न एजेंसियों के संविदा कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
