महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की मनायी जयंती

Spread the love

प्रयागराज। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सर्वोदय नगर अल्लापुर के प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जन्मजयंती अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों और गोष्ठी का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध समिति के आदरणीय प्रबंधक अनिल बाबू जायसवाल, प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष समरनाथ मिश्र तथा विद्वत् परिषद प्रमुख सतीश कुमार गुप्त द्वारा दीप प्रज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र तिवारी ने दोनों महान विभूतियों के जीवन दर्शन, उनके त्याग, तपस्या, सत्य, अहिंसा और राष्ट्र सेवा के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुये नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक अनिल बाबू जायसवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं और लाल बहादुर शास्त्री का “जय जवान, जय किसान” का नारा देश की रीढ़ को मजबूत करता है। उपाध्यक्ष समरनाथ मिश्र एवं सतीश कुमार गुप्त ने महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। महात्मा गाँधी के “सत्य और अहिंसा” के सिद्धांत को आत्मसात् करने पर बल दिया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य, आचार्या दीदी, कर्मचारियों एवं भैया-बहनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्र निर्माण में अपनी पूर्ण निष्ठा एवं स्वच्छता सेवा-व्रत का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र तिवारी ने सभी अतिथियों एवं अभ्यागतअतिथिगण का आभार ज्ञापित किया अंत में मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *