भू-माफियाओं की अवैध दुकानों और अवैध प्लाटिंग पर चला पीडीए का बुलडोज़र 

Spread the love

मनोज पाण्डेय:

प्रयागराज। विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ शुक्रवार को अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी सूरज पटेल के नेतृत्व में जोन-2 क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान एक रियल एस्टेट कार्यालय को ध्वस्त करने के साथ ही करीब 34 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को भी हटाया गया। सबसे पहले धूमनगंज थाना क्षेत्र के शद्दाब चौराहा,कालिंदीपुरम में कार्रवाई की गई। यहां खालिद जफर द्वारा प्राधिकरण की करीब 150 वर्गमीटर से अधिक भूमि पर बनाए गए रियल एस्टेट कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के ग्राम भीटी असदुल्लापुर, शाह उर्फ पीपलगांव में खालिद जफर द्वारा करीब आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। मौके पर विकसित किए गए अवैध निर्माण और प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

इसी क्षेत्र में डॉ. कमरान, इमरान, जिशान उर्फ जानू और मोहम्मद नूह द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को भी पीडीए की टीम ने ध्वस्त कराया। इसके अलावा एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में ही यूनाइटेड मेड सिटी के सामने ग्राम रावतपुर में फैज, मकसूद और मकबूल द्वारा करीब आठ बीघा भूमि पर की गई। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। पीडीए अधिकारियों के मुताबिक अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी प्राधिकरण ने निर्माणकर्ताओं और विकासकर्ताओं को निर्देश दिया है कि पीडीए क्षेत्र में किसी भी तरह का विकास कार्य स्वीकृत तलपट मानचित्र के अनुसार ही कराया जाए। पीडीए ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचें और जमीन की खरीदारी से पहले संबंधित अभिलेखों एवं प्राधिकरण की स्वीकृति की जांच अवश्य करें। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी सूरज पटेल के अलावा अवर अभियंता, इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता,पीडीए लेखपाल, सुपरवाइजर, प्रवर्तन टीम और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *