मुजफ्फरपुर। एनटीपीसी कांटी के परियोजना प्रमुख पंकज कुमार गुप्ता ने सोमवार को कुमार गौरव, जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान परियोजना प्रमुख ने जिलाधिकारी को एनटीपीसी कांटी में विद्युत उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा, सामुदायिक विकास तथा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने परियोजना द्वारा स्थानीय समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने एनटीपीसी कांटी द्वारा क्षेत्र के विकास एवं सामाजिक उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं एनटीपीसी के आपसी सहयोग से क्षेत्र के समग्र विकास को और अधिक गति मिलेगी। इस अवसर पर एनटीपीसी कांटी के अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) महेशकुमार सुथार भी उपस्थित रहे।
