एनटीपीसी नबीनगर में बालिका सशक्तिकरण अभियान हेतु बेसलाइन सर्वे का आयोजन

Spread the love

औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर द्वारा बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girl Empowerment Mission -GEM) 2026 के प्रतिभागियों के लिए बेसलाइन सर्वे का आयोजन किया गया। इस सर्वे का उददेश्य आगामी चार सप्ताह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाली 60 बालिकाओं की शैक्षणिक दक्षता एवं शारीरिक स्वास्थ्य का आकलन करना है। इस सर्वे के माध्यम से प्रतिभागियों के सीखने के स्तर को समझने पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि उनके अनुरूप एक छात्र-केंद्रित पाठ्यक्रम तैयार किया जा सके। बेसलाइन सर्वे के दौरान महाप्रबंधक (परियोजना)  राकेश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (NSTPP अस्पताल) श्रीमती संगीता शर्मा तथा अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  ओंकार नाथ ने छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से संवाद किया तथा GEM कार्यशाला से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

ज्ञातव्य हो कि एनटीपीसी नबीनगर नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष बालिका सशक्तिकरण अभियान का आयोजन करता है। इस एक माह के आवासीय अभियान के दौरान बालिकाओं को गणित. अंग्रेजी, हिंदी आदि विषयों के साथ-साथ कंप्यूटर, कराटे, योग एवं अन्य प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। साथ ही, छात्राओं को परियोजना परिसर में छात्रावास एवं पौष्टिक आहार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उनका सर्वागीण विकास सुनिश्चित हो सके। इस अभियान के अंतर्गत चयनित बालिकाओं को एनटीपीसी द्वारा बाल भारती पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह पहल बालिकाओं के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें आत्मविश्वासी एवं सशक्त नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *